मरने के बाद कई लोगों की जिंदगी रोशन कर गईं 75 वर्षीय सुमन अवस्थी, देहदान के बाद पुलिस ने दी गार्ड ऑफ ऑनर
कपिल शर्मा, 9753508580

कपिल शर्मा, हरदा एक्सप्रेस…
शहर की वरिष्ठ नागरिक सुमन अवस्थी पति राकेश अवस्थी उम्र 75 वर्ष निवासी अवस्थी कम्पाउंड हरदा, ने जीवनकाल में ही देहदान की घोषणा कर समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया था। शुक्रवार को उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार परिजनों की सहमति से घर पर अंतिम संस्कार के बाद मृत शरीर को एम्स भोपाल भेजा गया, जहाँ चिकित्सकों की निगरानी में देहदान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। देहदान जैसे महान कार्य के सम्मान में पुलिस विभाग की ओर से सुमन अवस्थी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर नायब तहसीलदार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच. पी. सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आपको बता दे कि सुमन अवस्थी समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय थीं। वे महिलाओं को निःशुल्क योग प्रशिक्षण देती थीं और स्वास्थ्य जागरूकता अभियान में भी प्रमुख भूमिका निभाती थीं। उनके इस कार्य से समाज में मानवता और सेवा भावना की नई मिसाल कायम हुई है।




