तीन दिन से लापता 12 वर्षीय बालक का नदी मे मिला शव, हत्या की आशंका पर मानसिक विक्षिप्त युवक को पुलिस ने लिया हिरासत में।
कपिल शर्मा, 9753508589

कपिल शर्मा, हरदा एक्सप्रेस…
हरदा जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के ग्राम खरदना में तीन दिन से लापता 12 वर्षीय बालक का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बालक 1 जुलाई से लापता था। उसका शव तीसरे दिन ग्राम लोटिया के पास नर्मदा नदी के बैकवाटर में तैरता मिला। पुलिस ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए जांच तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार, खरदना निवासी विशाल ठाकुर 1 जुलाई की सुबह बकरियां चराने जंगल गया था। गांव के दो अन्य बालकों ने उसे एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक के साथ देखा था। उनका कहना है कि युवक विशाल के साथ मारपीट कर रहा था। इसके बाद से विशाल लापता हो गया था।
शव मिलने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार, शव पर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक अनुमान है कि शव करीब दो दिन तक पानी में रहा और बहाव के दौरान चट्टानों से टकराने के कारण भी कुछ चोटें आई हो सकती हैं। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने गांव के एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ के दौरान वह लगातार विरोधाभासी बयान दे रहा है। कभी वह बालक को नदी में फेंकने की बात कहता है तो कभी जमीन में गाड़ने की। पुलिस उसके बयानों की पुष्टि साक्ष्यों के आधार पर कर रही है।




