हरदा – धूमधाम से मनाया जा रहा भुआणा पर्व गणगौर महोत्सव, महिलाओं ने भजन व पाती खेलकर दिए झालरे।
कपिल शर्मा, 9753508589

ब्रजेश पाटिल हरदा संवाददाता…
हरदा जिले के ग्राम मुहाल कलां में भुआणा का पर्व गणगौर महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। यहां 22 अप्रैल मंगलवार से पाठ बैठना (घट स्थापना) के साथ गणगौर महोत्सव का शुभारम्भ हुआ। गण गौर महोत्सव 22 से 30 अप्रैल तक मनाया जा रहा है।
भुआणा क्षेत्र में यह पर्व नौ दिनों तक बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में गणगौर महोत्सव का आयोजन हो रहा है। आयोजक परिवार के महेश सो. चंद्रकांति बाई, दिलीप सौ. रंजना, आमे परिवार द्वारा ग्राम मुहाल कलां में गणगौर महोत्सव मनाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों मे रंग बिरंगी लाइटिंग से भव्य पंडाल सजाए गए हैं। रात में गणगौर मंडलियां भजन और नृत्य की प्रस्तुति दे रहे है। गणगौर माता का पाठ भी किया जा रहा है। नौ दिवसीय इस महोत्सव में पुरुष मंडलियां गीतों के साथ झालरे और स्वांग जैसे कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे है, तो वहीं महिलाएं गौर बाई दिन में पाती खेलने (गीत भजन) के लिए आम के पेड़ के नीचे गणगौर माता रनुबाई के भजन करती है।
मुहाल कलां निवासी दयाराम आमे ने बताया कि, गणगौर पर्व सामाजिक रिश्तों की मजबूत कड़ी है। यह हिंदू धर्म के मूल आराध्य भगवान शिव-पार्वती की पूजा-अर्चना का त्योहार है। इस पर्व में गोरा मैया रनुबाई और महादेव धनियर राजा के रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। मालवा-निमाड़-भुआणा की साझी संस्कृति इस महोत्सव में झलकती है। यहां कन्याएं और महिलाएं परंपरागत नृत्य करती हैं। 30 अप्रैल को ज्वारों के विसर्जन के साथ गणगौर उत्सव का समापन होगा। जिले में गणगौर महोत्सव का आयोजन 9 दिवसीय होता है। लेकिन कुछ परिवारों में नवमें दिन सजाए जाने वाले रथ को रोक कर दसवें दिन ज्वारे विसर्जन किये जाते है।
