कोतवाली पुलिस हरदा ने जप्त की 3 टन 300 किलो अवैध मछली
कपिल शर्मा, 9753508589

कपिल शर्मा, हरदा एक्सप्रेस…
हरदा सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 टन 300 किलो अवैध मछली जब्त की है। यह कार्रवाई मत्स्य महासंघ के क्षेत्रीय सहायक प्रबंधक अजय श्रीवास्तव की शिकायत पर की गई। शिकायत के अनुसार, खेड़ीपुरा निवासी साकिब पिता सौकत रजा पर अवैध रूप से मछली चोरी एवं परिवहन करने का आरोप है। थाना प्रभारी रोशन लाल भारती के निर्देशन में 4 जुलाई को आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर राठी पेट्रोल पंप के पास स्थित एक मकान से बड़ी मात्रा में मछली बरामद की गई। जांच के दौरान मत्स्य निरीक्षक सरिता चैकीकर एवं सुशील गौर के हस्ताक्षरयुक्त नीलामी पत्रक में केवल 800 किलो मछली की नीलामी जाहिद गौरी के नाम होना पाया गया, जबकि मौके से इससे कहीं अधिक मात्रा में मछली मिली। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि प्रतिबंधित प्रजाति की मछलियां इंदिरासागर क्षेत्र से पकड़कर ग्राम जोगा में नीलामी के बाद अवैध रूप से अधिक मात्रा में हरदा लाकर संग्रहित की गई थीं। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन एवं पुलिस अधीक्षक शशांक के निर्देश पर मामले की जांच जारी है तथा संबंधित आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




